चंडीगढ़ , अगस्त 20 -- पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुवार को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय चंडीगढ़ में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित सद्भावना दिवस कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

श्री हुड्डा ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माताओं में से एक थे। प्रधानमंत्री के रूप में 1984 से 1989 तक उन्होंने देश को आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में क्रांति की शुरुआत हुई तथा दूरसंचार व्यवस्था को मजबूत किया गया।

उन्होंने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बेहद करीब रहकर काम करने का अवसर मिला। उनकी दूरदृष्टि, कार्यशैली और यादें हमेशा दिल-दिमाग में अंकित रहेंगी।

श्री हुड्डा ने कहा कि श्री गांधी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति लागू की गई। पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। आर्थिक उदारीकरण, विदेशी निवेश को प्रोत्साहन, भारत-श्रीलंका समझौता, मालदीव की सुरक्षा और सार्क को मजबूत करने में भी उनका योगदान रहा। युवा पीढ़ी को राजनीति और विकास से जोड़ने तथा विज्ञान-प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों ने देश को नई दिशा दी।

कार्यक्रम में सांसद कर्मबीर बौद्ध, विधायक अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद, गीता भुक्कल, बलराम दांगी, चंदरप्रकाश, इंदुराज नरवाल, विकास सहारण, पूजा मुलाना, नरेश सेलवाल, जस्सी पेटवाड़, सहप्रभारी जितेंद्र बघेल, पंचकूला जिलाध्यक्ष संजय चौहान, चांदवीर हुड्डा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित