नयी दिल्ली , अगस्त 20 -- कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर उनकी समाधि 'वीर भूमि' में पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व प्रधानमंत्री की समाधि पर श्रीमती गांधी, श्री खरगे तथा उनके पुत्र राहुल गांधी के अलावा उनके पुत्री प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने राजीव गांधी को पुष्प अर्पित का श्रद्धांजलि दी।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर अपने पिता राजीव गांधी को याद करते हुए कहा कि आज जब देशभर में युवाओं के बीच बढ़ती बेचैनी और हलचल को देखा जा रहा है, तब यह याद करना महत्वपूर्ण है कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने युवाओं और देश के भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने संविधान में संशोधन कर मतदान की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की और 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार दिया। श्री राजीव गांधी ने स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस घोषित किया था और 1988 में नई शिक्षा नीति लागू की, जिसके तहत देशभर में नवोदय विद्यालयों का नेटवर्क स्थापित करने सहित कई नए प्रयास किए गए।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश के सभी जिलों को कवर करने वाले नेहरू युवा केंद्र संगठन की स्थापना की, जिसका नाम अब बदलकर 'मेरा युवा भारत' कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित