चेन्नई , मई 21 -- तमिलनाडु में गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी 35वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई। श्री गांधी मई 1991 में आज ही के दिन यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर श्रीपेरुम्बुदुर में एक चुनावी रैली के दौरान एक आत्मघाती हमले में मारे गए थे।
तमिलनाडु कांग्रेस समिति (टीएनसीसी) ने इस अवसर पर कई खास कार्यक्रम आयोजित किए। तमिलनाडु कांग्रेस प्रभारी गिरीश चोडानकर और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के नेताओं के अलावा राज्य कांग्रेस समिति के सेल्वापेरुंथगई, विधायक दल के नेता एस राजेश कुमार और राज्य के पदाधिकारियों समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं ने शहर में पार्टी कार्यालय सत्यमूर्ति भवन में श्री गांधी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और पार्टी कार्यकर्ताओं को आतंकवाद विरोधी शपथ दिलाई। इसके बाद वे सैदापेट-चिन्नामलाई जंक्शन गए और दिवंगत प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित