चंडीगढ़ , जून 05 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुक्रवार को पटियाला में नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे 2600 आईटीआई योग्य उम्मीदवारों पर पुलिस द्वारा किये गये कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की।

उन्होंने इसे 'क्रूर और बर्बर बल प्रयोग' करार देते हुए कहा कि यह सरकार के पतन के संकेत हैं।

राजा वड़िंग ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा की गयी कार्रवाई की तस्वीरें और वीडियो बेहद भयावह और झकझोर देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह दृश्य ब्रिटिश शासन के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों पर किये गये अत्याचारों की याद दिलाते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस घटना को कभी भुलाया नहीं जाएगा और आने वाले छह महीनों में इस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उनके पास इस घटना की रिकॉर्डिंग और वीडियो मौजूद हैं, जिन्हें सुरक्षित रखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित