भोपाल , अगस्त 14 -- भोपाल की अपर लेक स्थित बोट क्लब के वाटर स्पोर्ट्स सेंटर में चल रही तृतीय राजा भोज मल्टीक्लास नेशनल सेलिंग चैम्पियनशिप-2026 में मध्यप्रदेश के सेलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किए। छह रेस के बाद जारी प्रोविजनल परिणामों में आईएलसीए-4, आईक्यू फॉयल, टेक्नो और 29ईआर सहित कई वर्गों में प्रदेश के खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी रही।

आईएलसीए-4 पुरुष वर्ग में एनएसएस भोपाल के शुभम यादव ने 11 नेट अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। अंकित सिंह सिसोदिया 13 अंकों के साथ दूसरे, वासु चंद्रवंशी 16 अंकों के साथ तीसरे और घनश्याम यादव चौथे स्थान पर रहे। इस वर्ग के शीर्ष चारों स्थानों पर एनएसएस भोपाल के खिलाड़ियों का कब्जा रहा।

आईएलसीए-4 महिला वर्ग में एनएसएस भोपाल की तुलशी पटले 10 नेट अंकों के साथ दूसरे, माही वर्मा 11 अंकों के साथ तीसरे और आस्था पांडे 19 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं।

आईक्यू फॉयल पुरुष वर्ग में एनएसएस भोपाल के आर्यन पाटीदार ने पांच काउंटिंग रेस में प्रथम स्थान हासिल कर पांच नेट अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में एनएसएस भोपाल की प्रार्थना भोई ने भी पांच नेट अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।

29ईआर वर्ग में एनवाईएससी की शरन्य जाधव और हृदय जोशी की जोड़ी पांच प्रथम स्थान के साथ पांच नेट अंकों के आधार पर शीर्ष पर रही। एनएसएस के रुद्रेश सिंह पटेल और मयंक राजपूत नौ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। 29ईआर महिला वर्ग में एनएसएस भोपाल की शगुन झा और अपर्णा चौधरी की जोड़ी ने सभी छह रेस में शीर्ष स्थान हासिल किया।

टेक्नो पुरुष अंडर-15 में एनएसएस भोपाल के अंकित विश्वकर्मा और पुरुष अंडर-17 में सोहम योगेश राजपूत ने पहला स्थान हासिल किया। महिला अंडर-15 में अनन्या अवधिया और महिला अंडर-17 में वाईएएम की प्रियंशी एम. पाटिल शीर्ष पर रहीं।

ऑपटिमिस्ट वर्ग में एसएससी की शृंगारी रॉय ने पहला स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में एनएसएस भोपाल के समर पंचेश्वर तीसरे, लिखित अहिरवार पांचवें और जाग्रव कुमार छठे स्थान पर रहे।

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रदेश के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि भोपाल की झीलों से तैयार हो रही प्रतिभाएं वाटर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

चैम्पियनशिप का समापन 16 अगस्त को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित