ऋषिकेश , फरवरी 14 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के कोतवाली लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार तड़के जंगल में रास्ता भटक गए पांच श्रद्धालुओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी श्रद्धालु नीलकंठ महादेव मंदिर से दर्शन कर लौटते समय घने जंगल में भटक गए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डायल-112 पर सूचना मिली कि दर्शन कर लौट रहे कुछ लोग रास्ता भटक गए हैं और चारों ओर जंगल होने से घबराए हुए हैं। फोन संपर्क और लोकेशन ट्रैक करने पर उनकी स्थिति राजाजी नेशनल पार्क के कोर एरिया टाइगर जोन में विंध्यवासिनी मंदिर से करीब छह किलोमीटर दूर महादेव पानी क्षेत्र में पाई गई।

लोकेशन मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कठिन परिस्थितियों में तलाश एवं बचाव अभियान चलाया। अथक प्रयासों के बाद सूचना देने वाले व्यक्ति सहित उसके चार अन्य साथियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित