पटना,12सितंबर (वार्ता)पटना नगर निगम की ओर से राजस्व संवर्धन अभियान के तहत संपत्ति कर संग्रहण एवं कर निर्धारण की कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है। निगम द्वारा राजस्व संवर्धन के लिए कर संग्रहण, नई संपत्तियों के कर निर्धारण, पुरानी संपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन एवं स्थल निरीक्षण का कार्य एक साथ किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शनिवार को विभिन्न अंचलों में कार्रवाई करते हुए 478 संपत्तिधारकों से कुल 31.04 लाख रुपये संपत्ति कर प्राप्त किया गया। पाटलिपुत्र अंचल में 136 संपत्तिधारकों से 8.46 लाख रुपये, कंकड़बाग अंचल में 91 संपत्तियों से 4.05 लाख रुपये, नूतन राजधानी अंचल में 79 संपत्तियों से 11 लाख रुपये, अजीमाबाद अंचल में 78 संपत्तियों से 2.69 लाख रुपये, बांकीपुर अंचल में 62 संपत्तियों से 4 लाख रुपये तथा पटना सिटी अंचल में 32 संपत्तियों से 7.70 लाख रुपये संपत्ति कर प्राप्त किया गया।
अभियान के दौरान 116 संपत्तियों का कर निर्धारण भी किया गया। इनमें सबसे अधिक नूतन राजधानी में 32, कंकड़बाग में 26, पाटलिपुत्र में 24, अजीमाबाद में 21, पटना सिटी में 9 और बांकीपुर में 7 संपत्तियां शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त 29 संपत्तियों के निर्धारित कर का पुनर्मूल्यांकन किया गया। स्थल निरीक्षण के दौरान 5 संपत्तियों की वास्तविक स्थिति और पूर्व निर्धारित कर में विसंगति पाए जाने पर पेनाल्टी के साथ पुनः कर निर्धारण किया गया।
आमजन से अपील है कि यदि मूल कर निर्धारण के बाद उनकी संपत्ति में निर्माण, विस्तार अथवा किसी प्रकार का बदलाव हुआ है, तो वे स्वयं अपनी संपत्ति का पुनर्मूल्यांकन कराकर ऑनलाइन कर विवरण को अद्यतन करें। निगम द्वारा स्थल निरीक्षण के दौरान यदि संपत्ति की वास्तविक स्थिति और दर्ज कर विवरण में अंतर पाया जाता है, तो नियमानुसार पेनाल्टी सहित अतिरिक्त संपत्ति कर की वसूली की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित