एमसीबी , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले खनिज विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 90 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 79.53 करोड़ रुपये की राजस्व वसूली कर लगभग 88 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है, जिसे विभाग की प्रभावी कार्यप्रणाली का संकेत माना जा रहा है।

जिला जनसंपर्क अधिकारी ने सोमवार को बताया कि संचालक, संचालनालय भौमिक तथा खनिजकर्म, अटल नगर नवा रायपुर द्वारा जिले के लिए 90 करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। कलेक्टर के मार्गदर्शन और विभागीय अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से इस लक्ष्य के मुकाबले 79.53 करोड़ रुपये की वसूली सुनिश्चित की गई। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि नियमित मॉनिटरिंग और सख्त कार्रवाई का परिणाम है।

खनिज विभाग ने जिले में संचालित प्रमुख खनिजों जैसे कोयला, गिट्टी (साधारण पत्थर) और रेत के उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण पर लगातार निगरानी रखी। इसके लिए फील्ड स्तर पर टीमों को सक्रिय किया गया, जिन्होंने नियमित जांच अभियान चलाकर नियमों के पालन को सुनिश्चित किया। विभाग ने अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए सख्त रुख अपनाया, जिससे राजस्व हानि पर नियंत्रण पाया जा सका।

विभाग की कार्रवाई का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्षभर में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े 146 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 38.70 लाख रुपये की राशि अर्थदंड और समझौता शुल्क के रूप में वसूल की गई। यह राशि निर्धारित खनिज मद में जमा कराई गई है।

अधिकारियों ने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे सतत निगरानी, समयबद्ध कार्रवाई और प्रशासनिक समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विभाग द्वारा आगे भी इसी तरह अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण बनाए रखने और राजस्व वसूली में वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही गई है।

खनिज विभाग का यह प्रदर्शन न केवल राजस्व संग्रहण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि यह प्रशासनिक सख्ती और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन का भी संकेत देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित