अलवर , फरवरी 20 -- राजस्थान में कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थ तस्करी के मामले में डेढ़ वर्ष से फरार पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।

कोटपुतली बहरोड़ के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने शुक्रवार को बताया कि अवैध नशीले पदार्थों की रोकथाम के संबंध में चलाए जा रहे अभियान के तहत वर्ष 2024 के एक मामले में फरार पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश रवि कुमार यादव को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि सितम्बर 2024 में 30 किलो 680 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। इस मामले में उसकी तलाश थी। पुलिस ने रवि पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। उसके खिलाफ कई राज्यों में नशीले द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित