जयपुर , अप्रैल 29 -- राजस्थान हज यात्रा-2026 के तहत नौ दिनों में साढ़े तीन हजार से अधिक यात्री हज यात्रा के लिए रवाना हुए हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने बुधवार को बताया कि जयपुर हवाई अड्डे से गत 20 से 28 अप्रैल तक नौ फ्लाइटों से 3520 यात्री हज यात्रा पर रवाना हुए। अंतिम एवं नौवीं फ्लाइट के जरिए 106 हज यात्रियों को पवित्र हज यात्रा के लिए रवाना किया गया।

श्री मेवाती ने बताया कि पहले दिन 428, दूसरे दिन 430, तीसरे दिन 424, चौथे दिन 427, पांचवें दिन 429, छठे दिन 427, सातवें दिन 423, आठवें दिन 426 एवं नौवें दिन 106 हज यात्री हज के लिए रवाना हुए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हज हाउस एवं प्रताप नगर सेक्टर-35 में यात्रियों और उनके परिजनों के लिए बेहतरीन ठहरने की व्यवस्था की गई। हज हाउस से हवाई अड्डे तक एसी बसों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। एयरपोर्ट पर भी टेंट, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। टर्मिनल-प्रथम पर विशेष एसी डोम बनाया गया। जिसके लिए सभी हाजियों एवं उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।

श्री मेवाती ने बताया कि हज यात्रियों में जबरदस्त उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। रवानगी से पहले सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दी गईं और उनकी सुरक्षित, सफल एवं कुशल यात्रा के लिए दुआएं की गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित