टिहरी , सितम्बर 06 -- राजस्थान के भीलवाड़ा से उत्तराखंड स्थित श्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन शनिवार देर रात गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में सिर्फ चालक/मालिक ही मौजूद था, जिसकी खोज के लिए खराब मौसम के बावजूद तलाश की जा रही है। जबकि वाहन में सवार अन्य तीन व्यक्ति शोच के लिए उतरने के कारण सुरक्षित बच गए।
हादसा टिहरी गढ़वाल जिला के तोता घाटी क्षेत्र में हुआ। टिहरी की पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने रविवार को बताया कि डायल 112 के माध्यम से तोता घाटी क्षेत्र में एक वाहन खाई में गिरने और उसमें एक व्यक्ति मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना की गंभीरता को देखते हुए देवप्रयाग पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) एवं फायर सर्विस की टीमें तत्काल आपदा उपकरणों सहित घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचने पर जानकारी प्राप्त हुई कि वैगनआर कार में कुल चार व्यक्ति सवार थे, जो केदारनाथ से राजस्थान की ओर जा रहे थे। तोता घाटी के पास चारों व्यक्ति शौच के लिए वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर रुके थे। इस दौरान तीन व्यक्ति वाहन से नीचे उतर गए, जबकि एक व्यक्ति वाहन के अंदर ही बैठा रहा। उन्होंने बताया कि ढलान होने के कारण वाहन के पीछे की ओर खिसकने से वह लगभग 300 मीटर नीचे गहरी खाई की ओर नदी की दिशा में जा गिरा। वाहन के अंदर बैठे व्यक्ति के भी वाहन के साथ खाई में गिरने की आशंका के दृष्टिगत रेस्क्यू टीम द्वारा तत्काल तलाश एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि टीमों द्वारा विषम परिस्थितियों के बावजूद देर रात तक संभावित स्थानों पर गहनता से खोजबीन की गई। हालांकि, लगातार हो रही भारी बारिश, घने कोहरे, दुर्गम एवं अत्यंत खतरनाक भू-भाग तथा नदी क्षेत्र में बढ़ी कठिनाइयों के कारण रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देर रात अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
श्रीमती चौबे के अनुसार घटना में लापता व्यक्ति एवं वाहन की तलाश को प्राथमिकता देते हुए आज भी भारी बारिश एवं घने कोहरे के बीच बचाव टीमें आपदा उपकरणों के साथ पुनः मौके पर सघन तलाश एवं बचाव अभियान चला रही हैं। उन्होंने बताया कि टीमों द्वारा खाई, नदी की ओर जाने वाले संभावित मार्गों एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार खोज की जा रही है। विषम परिस्थितियों के बावजूद पुलिस एवं राहत-बचाव दल पूरी तत्परता एवं समर्पण के साथ लापता व्यक्ति एवं वाहन की तलाश में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि वाहन में सवार व्यक्ति की पहचान देवी लाल (46) पुत्र बद्रीलाल, निवासी सगनेर, शाहपुर रोड, कीर खेड़ा, मेडिकल कॉलेज के सामने, थाना सुभाष नगर, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है। वह खुद वाहन स्वामी है। जबकि उसके साथ यात्रा कर रहे अन्य व्यक्तियों में पंकज कुमार पुत्र मदनलाल, निवासी भीलवाड़ा, थाना गांधीनगर, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान, ईश्वर तेली पुत्र शंकर लाल, निवासी पुर, थाना पुर, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान, और लखन शाह पुत्र देवी लाल, निवासी सगनेर, शाहपुर रोड, कीर खेड़ा, मेडिकल कॉलेज के सामने, थाना सुभाष नगर, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान हैं। यह तीनों ही शोच के लिए वाहन से उतरने के कारण सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि लापता व्यक्ति एवं वाहन की तलाश में खोज अभियान लगातार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित