जैतारण , सितम्बर 23 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण विकास के लिए ऐसा रोडमैप तैयार किया है, जिससे प्रदेश के हर गांव का सुनियोजित विकास होगा।

श्री शर्मा ने आज यहां सेवा संवाद कार्यक्रम-सेवा संकल्प यात्रा अभियान को संबोधित करते हुए कहा कि इसमें खेल मैदान से लेकर अटल ज्ञान केंद्रों की सुविधाएं शामिल हैं। उनकी सरकार की मंशा है कि युवा इन अटल ज्ञान केंद्रों में ई-लर्निंग की सुविधाओं का फायदा उठायें और उज्ज्वल भविष्य बनायें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की दशकों से अटकी परियोजनाओं का समाधान हुआ है। राजस्थान की पानी की आवश्यकता की पूर्ति के लिए रामजल सेतु, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देश्यीय बांध परियोजना जैसे बड़े अंतर्राज्यीय समझौते हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवा, महिला, किसान और मजदूर का सशक्तिकरण किया जा रहा है, जिससे देश मजबूत होगा। उनके मार्गदर्शन में राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। हम बिजली लेने की जगह अन्य राज्यों को दे रहे है। वहीं, रोडवेज से लेकर डेयरी जैसे उपक्रम भी फायदे में है। किसानों को गेहूं की एमएसपी पर 150 रुपये का अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सामाजिक सरोकार के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वच्छ भारत अभियान, एक पेड़ मां के नाम अभियानों ने समाज और देश को नयी दी है। राजस्थान भी उनके एक पेड़ मां के नाम अभियान से प्रेरित होकर हरियालो राजस्थान अभियान चला रहा है, जिसके अंतर्गत पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चैक एवं ट्राई साइकिल वितरित की। उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया। साथ ही, उन्होंने पावन धाम परिसर में जैन संत रूपमुनि जी महाराज सा. एवं मिश्रीमल जी महाराज सा. के समाधि स्थल पर नमन किया।

कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, विधायक शोभा चौहान तथा अन्य जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित