जयपुर , फरवरी 24 -- राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार गिरोह सरगनाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और बड़े अपराधियों को विदेशों से गिरफ्तार किया गया है।

श्री बेढ़म शून्यकाल में विधायक रविन्द्र सिंह भाटी के स्थगन प्रस्ताव के तहत जेलों में बैठे गिरोह सरगनाओं के जरिए लोगों को धमकियां देने के उठाये गये मुद्दे का जवाब दे रहे थे। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि पूर्ववर्ती सरकार की अपेक्षा वर्तमान राज्य सरकार इन गिरोह सरगनाओं पर अंकुश लगाने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) गठन किया और समय समय पर विशेष टीमों का गठन भी किया गया है। उन्होंने कहा कि एजीटीएफ ने सक्रिय गैंगस्टर अमरजीत विश्नोई, आदित्य जैन और टोनी जैसे कई बड़े अपराधियों को विदेशों से गिरफ्तार किया है। श्री बेढम ने कहा कि पुलिस मुस्तैदी के साथ ऐसे गिरोह पर शिकंजा कसने के लिए कार्रवाई कर रही है।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि इसके बावजूद प्रदेश में लोगों को धमकिया मिल रही हैं, इसे रोकने की क्या योजना है। इस पर श्री बेढम ने कहा कि प्रभावी कार्रवाई करके इसे बंद करने का काम किया जायेगा। इस दौरान हल्का शोर शराबा भी हुआ। इस दौरान सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि स्थगन प्रस्ताव पर जवाब देने की परम्परा नहीं है, फिर मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने इस पर जवाब दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित