चंडीगढ़ , अक्टूबर 06 -- शिरोमणि अकाली दल पुनरुत्थान के महासचिव दविंदर सिंह सोढ़ी और करनैल सिंह पीरमोहम्मद ने श्रीगंगानगर के गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी में राजस्थान पुलिस की कथित कार्रवाई की निंदा करते हुए राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
दोनों नेताओं ने मंगलवार को एक संयुक्त बयान में आरोप लगाया कि पुलिस ने गुरुद्वारा परिसर में गुरु का लंगर अस्त-व्यस्त किया तथा ज्ञानी जरनैल सिंह खालसा भिंडरांवाले और भाई अमरीक सिंह समेत सिख शहीदों से संबंधित पोस्टर फाड़े। उन्होंने सिख नेता तेजिंदरपाल सिंह टिम्मा की गिरफ्तारी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानूनी और संवैधानिक तरीके से किया जाना चाहिए और धार्मिक स्थल पर ऐसी कार्रवाई उचित नहीं है। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि टिम्मा को कथित झूठे मामले में गिरफ्तार किया गया है और उनकी गिरफ्तारी सिखों की आवाज दबाने का प्रयास है।उन्होंने राजस्थान सरकार से घटना की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा टिम्मा के खिलाफ दर्ज मामला वापस लेकर उन्हें रिहा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक धार्मिक समुदाय को अपने धार्मिक विश्वासों और परंपराओं का पालन करने का संवैधानिक अधिकार है।
श्री सोढ़ी और पीरमोहम्मद ने सरकार से घटना के लिए माफी मांगने की भी मांग की। उनके बयान में लगाये गये आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित