जयपुर , फरवरी 20 -- राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को विपक्षी कांग्रेस सदस्यों ने नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा के जवाब से असंतुष्ट होकर बहिर्गमन किया।
श्री खर्रा ने प्रश्नकाल में विधायक गोपीचंद मीणा के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से संबंधित प्रश्न एवं पूरक प्रश्नों का जवाब दिया और इस दौरान उन्होंने पूर्व सरकार के समय शहरों में सीवरेज के हुए काम का जिक्र करने पर कांग्रेस सदस्य बोलने लगे और सदन में शोर शराबा हुआ।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस सदस्यों को जवाब सुनने एवं अपनी जगह पर बैठने के लिए कहा। शोरशराबा नहीं थमने पर उन्होंने अगला प्रश्न पुकार लिया। इसके बाद सदस्य 11 बजकर 49 मिनट पर सदन से बहिर्गमन कर गये। इस पर संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि इस सदन की स्वस्थ परंपरा रही है, लेकिन सही उत्तर से व्यथित होकर कांग्रेस सदस्य सदन से बहिर्गमन कर रहे हैं, जिसकी वह निंदा करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित