अजमेर , फरवरी 28 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भजनलाल सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा है कि संतोष है कि राजस्थान विकास के नये पथ पर अग्रसर हैं और विकास के जिन वायदों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार यहां लोगों की सेवा में आयी थी, उन्हें तेजी के साथ पूरा कर रही है।

श्री मोदी ने शनिवार को यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ समय पहले भी प्रदेश की भाजपा की डबल इंजन सरकार के दो साल पूरे हुए हैं और उन्हें संतोष है कि राजस्थान विकास नये पथ पर अग्रसर हैं। आज का दिन भी विकास के इसी अभियान को तेज करने का दिवस है और थोडी देर पहले यहां राजस्थान विकास से जुडी करीब 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा हर क्षेत्र में नयी शक्ति जुड रही है। ये सारे प्रोजेक्ट राजस्थान की जनता की सुविधा बढ़ायेंगे, वहीं युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार लगातार युवा शक्ति को सशक्त कर रही है और दो साल पहले तक राजस्थान से भर्ती में भष्टाचार और पेपर लीक की ही खबरें आती रहती थी। अब राजस्थान में पेपर लीक पर लगाम लगी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है और आज यहां इसी मंच से राजस्थान के 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौपें गये हैं। उन्होंने कहा, " बहुत बड़ा बदलाव आया हैं और इस बदलाव के लिए नयी नौकरियों के लिए विकास के सभी कामों के लिए प्रदेश के आप सभी लोगों को बधाई देता हूं। "श्री मोदी ने कहा कि उन्हें वीरांगनाओं की धरती राजस्थान से देश भर की बेटियों के लिए अहम अभियान शुरू करने का अवसर मिला है और यह अभियान देश की नारी शक्ति को सशक्त करने की दिशा में अहम कदम हैं। सब जानते हैं कि परिवार में जब मां बीमार होती है, तो घर बिखरता जाता है, मां स्वस्थ है तो परिवार हर संकट का सामना करने में सक्षम रहता हैं। इसी भाव से भाजपा सरकार ने महिलाओं को संबल देने वाली अनेक योजनाएं चलायी हैं। उन्होंने कहा, " आपने वर्ष 2014 से पहले का दौर देखा है कि शौचालय के अभाव में महिलााओं को पीड़ा एवं अपमान झेलना पडता था। महिलाओं के लिए अलग से शौचालय की सुविधा नहीं होती थी। पहले सत्ता में जो रहे, उनके लिए ये छोटी बातें होती थी, लेकिन हमारे लिए यह बहन-बेटियों को बीमार करने वाले उनके अपमान से जुड़ा संवेदनशील मसला था। इसलिए इसका मिशन मोड़ पर समाधान किया गया।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित मातृत्व के लिए योजना चलायी गयी और महिलाओं को धुएं से बचाने के लिए उज्ज्वला गैस योजना बनायी गयी, यह सब इसलिए संभव हुआ कि हमारी सरकार संवेदनशीलता के साथ काम करती है। उन्होंने कहा कि आज का समय राजस्थान के विकास के लिए बड़ा महत्वपूर्ण हैं और डबल इंजन सरकार राजस्थान में विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है।

उन्होंने कहा, " सब जानते हैं कि अच्छी सड़क, अच्छी रेल और हवाई सुविधा सफर ही आसान नहीं करती, बल्कि पूरे इलाके का किस्मत बदल देती हैं। किसान अपनी फसल सही दाम पर बेच पाता हैं वहीं व्यापारी अपना माल आसानी से बाहर बेच पाते हैं। "श्री मोदी ने कहा कि अच्छी कनेक्विटी का पर्यटन पर भी असर पड़ता और जब पर्यटक आते हैं, तो जाहिर है कि ढाबे और होटल चलते हैं और एक पर्यटक कई परिवार की रोजी-रोटी बन जाता है। इसी सोच के साथ हमारी सरकार राजस्थान में आधुनिक कनेक्विटी पर बहुत जोर दे रही है। राजस्थान में जैसे-जैसे कनेक्टिविटी विस्तार हो रहा है, वैसे-वैसे निवेश के लिए भी अवसर बढते जा रहे हैं और दिल्ली-मुबई कोरिडोर के इर्दगिर्द उद्योगों के लिए शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर बनाये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार राजस्थान की धरा को अवसरों की भूमि बनाने के लिए हरसंभव काम कर रही है। राजस्थान की माताएं अपने बच्चों को पालने में राष्टभक्त का संस्कार देती हैं और यहां के लोग जानते हैं कि देश का सम्मान क्या होता है। इसलिए वह राजस्थान की धरा पर लोगों से बात कहने आये हैं। श्री मोदी ने कहा, " अजमेर आस्था और शौर्य की धरती है, यहां तीर्थ भी हैं और क्रांतिवीरों के पदचिह्न भी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित