जयपुर , मई 09 -- कप्तान शुभमन गिल (84) और साई सुदर्शन (55) शानदार अर्धशतकीय पारियों के बाद राशिद खान (चार विकेट) और जेसन होल्डर (तीन विकेट) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत गुजरात टाइटंस ने शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 52वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 77 रनों से हराकर अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की। इसी के अंक तालिका में उसके 14 अंक हो गये और वह दूसरे पायदान पर पहुंच गई है।
230 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स के लिए यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने 38 रन जोड़े। तीसरे ओवर में कगिसो रबाड़ा ने यशस्वी जायसवाल (तीन) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अगले ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने वैभव सूर्यवंशी को अपना शिकार बना लिया। वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 36 रन बनाये। इसके बाद ध्रुव जुरेल और रवींद्र जडेजा की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। छठें ओवर में रबाड़ा ने शिमरॉन हेटमायर (छह) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। आठवें ओवर में राशिद खान ने पहले ध्रुव जुरेल को बोल्ड किया। जुरेल ने 10 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के लगाते हुए (24) रन बनाये। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने डॉनोवन फ़रेरा (चार) को भी बोल्ड कर दिया। शुभम दुबे (15) को भी राशिद ने आउट किया। जोफ्रा आर्चर (पांच) और दसून शानका (16) को जेसन होल्डर ने आउट किया। रवींद्र जडेजा को भी राशिद खान ने आउट किया। जडेजा ने 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए टीम के लिए सर्वाधिक 38 रन बनाये।
गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने राजस्थान रॉयल्स को 16.3 ओवरों 152 रन पर समेट कर मुकाबला 77 रनों से अपने नाम कर लिया। जबकि इस जीत के साथ ही गुजरात टाइटंस अंक तालिका में दूसरे पायदान पर आ गई है, वहीं पंजाब किंग्स तीसरे स्थान पर चली गई है। यह राजस्थान रॉयल्स की लगातार दूसरी हार है। गुजरात टाइटंस के लिए राशिद खान ने चार और जेसन होल्डर ने तीन विकेट लिये। कगिसो रबाड़ा को दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस के लिए शुभमन गिल और साई सुदर्शन की जोड़ी ने आतिशी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 118 रन जोड़े। 11वें ओवर में यश पुंजा ने साई सुदर्शन को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। साई सुदर्शन ने 36 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 55 रन बनाये। इसके बाद 14वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने जॉस बटलर (13) को अपना शिकार बना लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित