नयी दिल्ली , मई 17 -- मिचेल स्टार्क (चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद केएल राहुल (56), अभिषेक पोरेख (51) और कप्तान अक्षर पटेल (नाबाद 34) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 62वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को चार गेंदें शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया। दिल्ली कैपिटल्स के अब 13 मैचों में छह जीत के साथ 12 अंक हो गए हैं और उनके प्लेऑफ की उम्मीदें अभी जिंदा हैं।
आशुतोष शर्मा ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर अपनी टीम को पांच विकेट से जीत दिला दी। आशुतोष शर्मा और अक्षर पटेल के बीच छठें विकेट के लिए अविजित 22 रनों की मैच विजयी साझेदारी हुई। आशुतोष शर्मा ने पांच गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 18 रन बनाये। अक्षर पटेल ने 18 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 34 रनों की पारी खेली। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। डॉनोवन फरेरा को ओवर देकर रियान पराग ने एक गैंबल खेला था लेकिन उस ओवर में 16 रन आ गए और मैच दिल्ली कैपिटल्स की तरफ मुड़ गया। 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अभिषेक पोरेल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट लिए 105 रन जोड़ कर दिल्ली कैपिल्टस को अच्छी शुरुआत दिलाई। 11वें ओवर में बृजेश शर्मा ने अभिषेक पोरेल को आउट कर आरआर को पहली सफलता दिलाई। अभिषेक पोरेल ने 31 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाते हुए 51 रनों की पारी खेली। 13वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने साहिल परख (नौ) को आउट कर दिल्ली को दूसरा झटका दिया। 15वें ओवर में दशून शानका ने केएल राहुल को आउट कर दिल्ली को तीसरा झटका दिया। केएल राहुल ने 42 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के उड़ाते हुए 56 रनों की पारी खेली। 17वें ओवर में जोफ्रा आर्चर ने ट्रिस्टन स्टब्स(चार) रन को आउट किया। डेविड मिलर (नौ) को आउट कर बृजेश शर्मा ने अपना दूसरा विकेट लिया। दिल्ली कैपिटल्स ने 19.2 ओवरों पांच विकेट पर 197 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट लिये। दसून शानका ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
आज यहां इससे पहले ध्रुव जुरेल (53), कप्तान रियान पराग (51) और वैभव सूर्यवंशी (46) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आठ विकेट पर 193 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी आरआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 19 के स्कोर पर यशस्वी जायसवाल (12) का विकेट गंवा दिया। उन्हें लुंगी एन्गिडी ने आउट किया। ध्रुव जुरेल ने वैभव सूर्यवंशी के साथ दूसरे विकेट लिये 70 रन जोड़े। आठवें ओवर में माधव तिवारी ने वैभव सूर्यवंशी का शिकार कर दिल्ली कैपिटल्स को दूसरी सफलता दिलाई। वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 46 रनों की पारी खेली।
एक समय जब आरआर बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी 15वें ओवर में मिचेल स्टार्क ने तीन विकेट झटक कर बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही आरआर के रनों की रफ्तार पर लगाम लगाई। स्टार्क ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर रियान पराग को आउट किया। रियान पराग ने 26 गेंदों में तीन चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 51 रनों की पारी खेली। रियान पराग अपने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। मिचेल ने अगली ही गेंद पर डॉनोवन फरेरा (शून्य) का शिकार कर लिया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर रवि सिंह (पांच) रन का पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर स्टार्क ने दसून शानका (पांच) को आउट कर अपना चौथा और टीम के लिए सातवां विकेट लिया। पारी के आखिरी ओवर में लुंगी एन्गिडी ने ध्रुव जुरेल को पगबाधा आउट किया। ध्रुव जुरेल ने पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 53 रन बनाये। राजस्थान रायल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 193 रन बनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित