जयपुर , फरवरी 14 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में 46 हजार करोड़ रुपये के निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न सेक्टर की 10 अल्ट्रा मेगा परियोजनाओं को कस्टमाइज्ड पैकेज देने की मंजूरी दी हैं।
श्री शर्मा ने उनकी अध्यक्षता में शनिवार को यहां मुख्यमंत्री निवास पर हुई बोर्ड ऑफ इन्वेस्टमेंट की छठी बैठक में यह स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री ने बैठक में स्वीकृत प्रस्तावों से प्रदेश में 12 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने सोलर मॉड्यूल एवं सैल मैन्यूफेक्चरिंग तथा नवीकरणीय ऊर्जा, सीमेंट, माइंस और मिनरल्स, ऑटोमोबाइल, कैमिकल, टैक्सटाइल एवं पर्यटन सेक्टर से संबंधित अल्ट्रा मेगा परियोजनाओं को रिप्स के तहत कस्टमाइज्ड पैकेज की स्वीकृति प्रदान की। श्री शर्मा ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि रिप्स परिलाभ और कस्टमाइज्ड पैकेज प्राप्त करने वाली कंपनियों के निवेश की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व वृद्धि के साथ प्रदेश में रोजगार सृजन हमारी प्राथमिकता है।
श्री शर्मा ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत हुए एमओयू की जिलेवार प्रगति की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने 'एक जिला-एक उत्पाद' (ओडीओपी) को और अधिक प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश की हस्तशिल्प कला को प्रोत्साहित करने के लिए प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर विक्रय के लिए विशेष स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नवीन पर्यटन स्थलों को भी बढ़ावा दिया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित