अलवर , जुलाई 28 -- भारतीय किसान यूनियन टिकैत (अराजनीतिक) ने राजस्थान में अलवर के सरिस्का क्षेत्र और उसके आसपास के 186 गांवों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 30 जुलाई को महापंचायत आयोजित करने की घोषणा की है।
संगठन की ओर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर योगेश डागुर को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें सरिस्का क्षेत्र से जुड़े किसानों, ग्रामीणों और वन क्षेत्र के निवासियों की 20 प्रमुख मांगें रखी गयी हैं।
संगठन के प्रदेश सचिव भूपत सिंह बाल्यान ने मंगलवार को बताया कि लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। इसी को देखते हुए 186 गांवों के किसान एक मंच पर जुटकर आगामी रणनीति तय करेंगे।
उन्होंने बताया कि ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग 15 जुलाई को कोटपूतली-बहरोड़ जिले की तालवृक्ष रेंज के तुलसीवाला गांव में बाघ के हमले में घायल किसान को निःशुल्क उपचार और उचित मुआवजा दिलाने की है। साथ ही घटना के बाद वन विभाग द्वारा दर्ज किए गए छह नामजद किसानों और करीब 150 अन्य महिला-पुरुषों पर लगाए गए मामले वापस लेने की भी मांग की गयी है।
श्री बाल्यान ने बताया कि प्रमुख मांगों में सरिस्का क्षेत्र के आबादी वाले गांवों से गुजर रही 11 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइनों को हटाने, भूमिगत करने या सुरक्षित बनाने, घरेलू बिजली बिलों में अतिरिक्त डिमांड शुल्क समाप्त करने और किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करना शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित