जयपुर , अप्रैल 28 -- राजस्थान में शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूती देने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है और अटल मिशन फॉर रिजुवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन (अमृत) 2.0 के तहत केंद्र सरकार की स्वीकृति से 11 हजार 560 करोड़ रुपए से 200 शहरों और कस्बों में 363 परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अमृत 2.0 के तहत चल रही इन परियोजनाओं में पांच हजार 950 करोड़ रुपए की सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन, 5 हजार 99 करोड़ रुपए लागत की जलापूर्ति परियोजनाएं और 505 करोड़ रुपए की जलाशय पुनरुद्धार परियोजनाएं शामिल हैं।

जयपुर ग्रेटर नगर निगम क्षेत्र में सीवरेज नेटवर्क की मरम्मत और नए क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के 600 करोड़ रुपए के काम की डीपीआर तैयार की जा रही है जबकि 731 करोड़ रुपए की जलापूर्ति योजना की डीपीआर स्वीकृत हो चुकी है। इसी तरह, हेरिटेज निगम क्षेत्र में एसटीपी निर्माण और अपग्रेडेशन, सीवर लाइनों की मरम्मत, पुरानी सीवर लाइनें बदलने और नई सीवर लाइनें बिछाने के 1040 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों के अनुबन्ध जारी कर काम करवाया जा रहा है।

जलापूर्ति वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण और उन्नयन के 253 करोड़ रुपए की परियोजना की एनआईटी जारी की जा चुकी है। इस तरह, जयपुर शहर में केन्द्र प्रवर्तित इस योजना के तहत 2 हजार 624 करोड़ रुपए की स्वीकृत परियोजनाएं प्रगतिरत हैं।

जोधपुर शहर में अमृत 2.0 के तहत लगभग 731 करोड़ रुपए के एसटीपी और सीवरेज लाइन मरम्मत एवं नई सीवर लाइनें बिछाने के कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 725 करोड़ रुपए के जलापूर्ति एवं सीवरेज कार्य प्रगतिरत हैं। इसी तरह कोटा शहर में 700.87 करोड़, उदयपुर में 420.92 करोड़, सीकर में 404 करोड़ रुपए, भीलवाड़ा में 360.94 करोड़, भरतपुर में 299.95 करोड़, अजमेर में 396 करोड़, अलवर में 294.46 करोड़ एवं भिवाड़ी में 276.59 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के कार्य करवाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित