जयपुर , अक्टूबर 21 -- चुनाव आयोग के निर्देशानुसार राजस्थान में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए संचालित विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत गत एक से 20 अक्टूबर तक दो लाख 40 हजार 534 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि अभियान के तहत विशेष रूप से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा एवं प्रथम बार मतदान के लिए पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर जोर दिया जा रहा है। इस अवधि में युवा एवं जोड़े जाने से शेष रहे अन्य आयु वर्गों में फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए सात लाख 78 हजार 147 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

विशेष अभियान के तहत 18-19 वर्ष आयु वर्ग में चार 30 हजार 701 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें गत एक अक्टूबर तक प्राप्त 31 हजार 600 अग्रिम आवेदन भी शामिल हैं वहीं 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग में एक से 20 अक्टूबर तक तीन लाख 47 हजार 446 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

इन आवेदनों में से तीन लाख 52 हजार 778 आवेदनों के संबंध में सात दिन की आपत्ति अवधि पूर्ण होने के उपरांत कार्यवाही की जाएगी।

श्री महाजन ने बताया कि एक से 20 अक्टूबर तक प्राप्त आवेदनों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा सकारात्मक निर्णय के उपरांत दोनों आयु वर्गों में दो लाख 40 हजार 534 पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। इनमें 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 58 प्रतिशत आवेदनों का निस्तारण कर एक लाख 39 हजार 972 तथा 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के 54 प्रतिशत आवेदनों का निस्तारण कर एक लाख 562 मतदाता शामिल किये गये हैं। शेष आवेदनों के संबंध में कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों की उपलब्धि के प्रतिशत के आधार पर बूंदी, भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, टोंक, बालोतरा, चूरू, कोटपूतली-बहरोड़ एवं सवाई माधोपुर 18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाताओं में अग्रणी जिलों में शामिल हैं।

एक से 20 अक्टूबर के दौरान प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर जयपुर, अलवर, चूरू, करौली, जोधपुर, सीकर, उदयपुर, भीलवाड़ा, पाली एवं बांसवाड़ा 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग में अग्रणी जिले रहे हैं।

इसी तरह 18-19 वर्ष आयु वर्ग में आवेदन प्राप्ति की उपलब्धि प्रतिशत के आधार पर बसेड़ी, गुड़ामालानी, कठूमर, अलवर ग्रामीण, नदबई, खेरवाड़ा, सपोटरा, लाडनूं, बाड़ी एवं वैर अग्रणी विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हैं। 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग में प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, टोडाभीम, सुजानगढ़, बानसूर, गंगापुर, श्रीमाधोपुर, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, हिण्डौन एवं जालौर अग्रणी विधानसभा क्षेत्र रहे हैं।

श्री महाजन ने बताया कि मतदाता पंजीकरण अभियान की समीक्षा के दौरान पूर्व में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) की समीक्षा तथा 20 अक्टूबर की रिपोर्ट में लगातार न्यूनतम प्रगति वाले विधानसभा क्षेत्रों में शामिल पाए जाने पर आठ विधानसभा क्षेत्रों को प्रगति में सुधार के लिए चेतावनी दी गई है। इनमें नोखा, रामगंज मंडी, बाड़मेर, शिव, घाटोल, दांतारामगढ़, सांगोद एवं चौहटन शामिल हैं।

संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विधानसभा क्षेत्रों में पात्र युवा एवं नवमतदाताओं के पंजीकरण की गति बढ़ाएं, नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करें तथा दैनिक प्रगति की नियमित समीक्षा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित