जयपुर , सितंबर 03 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने प्रदेश में कई जिलों में सूखे जैसे हालात बनने पर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से मांग की है कि समय रहते फसल खराबे का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिया जाये एवं चारा डिपो खोले जायें और रोजगार देने की तैयारी अभी से की जानी चाहिए।

श्री गहलोत ने गुरुवार को प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में सूखे जैसे हालात बनने पर चिंता व्यक्त करते हुए यह मांग की। उन्होंने कहा कि रबी सीजन के लिए किसानों को हरसंभव मदद सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत चिंता का विषय है। हनुमानगढ़ से लेकर बालोतरा तक ग्वार, मूंग, मोठ और बाजरे की खरीफ फसलें बारिश की कमी से झुलस चुकी हैं और कई जगह पूरी तरह बर्बाद होने के कगार पर हैं।

उन्होंने कहा कि जो किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं, उनकी हालत सबसे ज्यादा चिंताजनक है। वहीं पशुपालकों के सामने भी मवेशियों के लिए चारे का संकट खड़ा होता जा रहा है।

श्री गहलोत ने कहा कि सबसे बड़ी चिंता यह है कि जब खरीफ की फसल ही बर्बाद हो चुकी है, तो किसान रबी की बुवाई के लिए बीज, खाद और खेत की तैयारी कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़े होने का है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित