जयपुर , जून 14 -- राजस्थान पुलिस सड़क सुरक्षा अभियान के तहत दस दिनों में करीब 88 हजार वाहनों पर कार्रवाई की गई हैं।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) डॉ. बी एल मीणा ने बताया कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों और अवैध हूटर-बत्तियां लगाकर रौब दिखाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस ने अपने इस विशेष सघन महाअभियान के तहत कार्रवाई के 10 दिनों में 87 हजार 945 वाहनों और वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की हैं। पुलिस टीमों ने सड़कों पर सघन नाकेबंदी करते हुए 10वें दिन शनिवार को प्रदेशभर में 8750 वाहनों के खिलाफ सख्त दंडात्मक और विधिक कार्यवाही अमल में लाई गई है।
अभियान में अब तक सबसे ज्यादा कार्रवाई गाड़ियों के शीशों पर उच्चत्तम न्यायालय के आदेशों के विरुद्ध लगाई गई काली फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों पर की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान में चार 13 जून तक 87 हजार 945 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई जिसमें वाहन के शीशों पर काली फिल्म वाले 33 हजार 918 वाहन, वाहन पर अनाधिकृत शब्द, चिह्न एवं लेखन के 12094 वाहन, नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट एवं पंजीयन चिह्न के 22 हजार 630 वाहन, वाहन की संरचना (बॉडी एवं चेसिस) में अवैध परिवर्तन के 8490 वाहन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर के 6097 वाहन तथा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न वाले 4,716 वाहन शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित