जयपुर , अगस्त 20 -- राजस्थान में गुरुवार को शुरू हुए सोलहवीं विधानसभा के छठे सत्र के दौरान विपक्षी कांग्रेस के सदस्यों ने जनता के मुद्दों एवं विधानसभा के द्वार संख्या छह से प्रवेश को लेकर वहां धरना दिया और प्रदर्शन किया।

सत्र की पूर्वाह्न 11 बजे शुरुआत से पहले ही प्रदेश में शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में मीडिया की बिना अनुमति के प्रवेश पर रोक के मुद्दे और अन्य मुद्दों को लेकर विपक्ष के नेता टीकाराम जूली के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने पोद्दार मूक-बधिर स्कूल से विधानसभा तक पैदल मार्च निकाला। विधानसभा में प्रवेश के दौरान अवरोधक लगाकर विधायकों को द्वार पर रोक दिया गया। बाद कांग्रेस विधायकों ने इसी द्वार से सदन में नहीं जाने देने का आरोप लगाते हुए द्वार के बाहर धरना दे दिया और नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरु कर दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, सचिन पायलट, श्री जूली एवं हरीश चौधरी सहित कई कांग्रेस विधायक एवं नेता विधानसभा गेट के बाहर धरने पर बैठे। इस दौरान श्री डोटासरा ने सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें विधानसभा के द्वार संख्या छह पर ताले लगाकर अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इसी द्वार से सदन में जाते रहे हैं और आज अचानक क्या हो गया कि उन्हें इस द्वार से अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। अगर उन्हें अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है तो वे बाहर ही बैठेंगे। इसके बाद वे धरने पर बैठ गये।

सदन की कार्यवाही 11 बजकर 22 मिनट पर शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे तक स्थगित होने के बाद विपक्ष के सदस्यों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित