जयपुर , जुलाई 13 -- राजस्थान में देवस्थान विभाग की सबसे महत्वाकांक्षी और लोकप्रिय 'वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026' सोमवार को शुरू हो गयी।

राज्य के देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर पहली विशेष ट्रेन को जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर और रिबन काटकर रामेश्वरम और मदुरै के लिए रवाना किया। यह ट्रेन 15 जुलाई को रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां एक दिन का ठहराव होगा। अगले दिन सभी यात्रियों को ट्रेन से मदुरई लाया जाएगा, जहां सभी को मीनाक्षी मंदिर के दर्शन कराये जायेंगे। इसके बाद ट्रेन पुन: रवाना होकर 20 जुलाई को जयपुर पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन की रवानगी के उपलक्ष्य में दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर एक विशेष और भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूरा स्टेशन परिसर भजनों और धार्मिक जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्री कुमावत ने यात्रा पर जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री कुमावत ने इस यात्रा के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया जिनकी बदौलत आज राजस्थान का आम नागरिक, बुजुर्ग और श्रद्धालु बिना किसी आर्थिक चिंता के पूरे सम्मान के साथ इतनी बड़ी तीर्थ यात्रा पर जा रहे हैं।

इस पहली तीर्थ यात्रा में राजस्थान के चार अलग-अलग जिलों के 970 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। इनमें दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से जयपुर जिले के 161 श्रद्धालु एवं कोटपुतली-बहरोड़ जिले के 177 श्रद्धालु रवाना हुए हैं। इसके अलावा सवाईमाधोपुर रेलवे स्टेशन से धौलपुर जिले के 213 श्रद्धालु एवं झालावाड़ जिले के 419 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा के लिए सवार हुए हैं। श्री कुमावत बताया कि 20 जुलाई को अजमेर, 24 जुलाई को जोधपुर एवं 30 जुलाई को उदयपुर से रामेश्वरम-मदुरै के लिए वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा-2026 के तहत ट्रेन रवाना होगी।

श्री कुमावत ने नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा-2026 के हवाई यात्रा का कार्यक्रम भी जारी किया। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई से 22 सितंबर तक रोजाना नेपाल के काठमांडू के लिए हवाई यात्रा जाएगी। नई दिल्ली एयरपोर्ट से प्रति दिन 44 वरिष्ठजन हवाई जहाज के जरिए नेपाल जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान 2860 वरिष्ठजन पशुपतिनाथ जी के दर्शन करेंगे। इसके बाद शेष हवाई यात्रियों को दिसंबर से दर्शनों के लिए नेपाल भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित