बारां , जुलाई 30 -- राजस्थान में बारां जिले के शाहाबाद क्षेत्र में ग्राम पंचायत बीलखेड़ा माल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय रायपुर में पदस्थ दोनों शिक्षकों को वहां से हटाकर अन्य विद्यालय में लगाया गया है।

विभागीय आदेश के अनुसार दोनों शिक्षकों को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चोराखेड़ी में प्रतिनियुक्ति पर लगाया गया है। बताया जा रहा है कि उक्त विद्यालय लंबे समय से मात्र दो शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहा था, जबकि वहां 12 कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। शिक्षकों की भारी कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।

यह मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए दोनों शिक्षकों को छोराखेड़ी विद्यालय में पदस्थापित कर दिया है। वे जहां पदस्थ थे वहां एक भी विद्यार्थी पढ़ने वाला नहीं था। विभाग की इस कार्रवाई से विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं में सुधार होने और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधा मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित