जयपुर , जून 07 -- राजस्थान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और वीआईपी कल्चर का रौब झाड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चलाये गये विशेष महा-अभियान के पांचवें और छठे दिन प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ बड़े स्तर पर नाकेबंदी और चेकिंग में 16 हजार से अधिक वाहनों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) डॉ बी एल मीणा ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने इन दो दिनों में 16 हजार 656 वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों में किए गए अवैध संशोधन, अनधिकृत लाल-नीली बत्तियां, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा वाहनों पर लिखे गए अनधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने सबसे ज्यादा कार्यवाही उच्चतम न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर शीशों पर काली फिल्म चढ़ाने वाले और नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों पर नाम, पद या अनधिकृत चिन्ह लिखवाने वाले चालकों पर की है। दो दिनों में काली फिल्म के कुल 6406 मामले और नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों के 4621 मामले पकड़े गए।

इस दौरान वाहन के शीशों पर काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) 6,406 वाहन, नियम विरुद्ध नम्बर प्लेट एवं पंजीयन चिह्न वाले 4621 वाहन, वाहन पर अनाधिकृत शब्द, चिह्न एवं लेखन वाले 2228 वाहन, वाहन की संरचना (बॉडी एवं चेसिस) में अवैध परिवर्तन के 1533 वाहन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं स्टोब लाइट के 998 वाहन तथा ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के 870 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

आंकड़ों के विश्लेषण के अनुसार कोटा सिटी पुलिस ने दोनों दिनों में कुल 1899 वाहनों पर चालान एवं जब्ती की कार्यवाही की। इसके अलावा झालावाड़ पुलिस ने छठे दिन को रिकॉर्ड रफ्तार पकड़ते हुए एक ही दिन में 813 वाहनों पर कार्रवाई की वहीं राजधानी जयपुर में डीसीपी ट्रैफिक जयपुर की टीम ने दोनों दिनों में मिलकर 1268 उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित