जयपुर , अक्टूबर 14 -- राजस्थान मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की अनवरत जनसेवा के लिए अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि उनकी अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया। श्री शर्मा ने बताया कि श्री मोदी ने सात अक्टूबर को सरकार के मुखिया के रूप में राष्ट्रसेवा का ऐतिहासिक पड़ाव पूरा किया है। इस उपलक्ष्य में राजस्थान मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की सुशासन, विकास और विकसित भारत के संकल्प की यात्रा निरंतर जारी है। लोकतंत्र में जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से उन्हें पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में तीन बार प्रचंड जनादेश मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं को प्रधानसेवक मानकर देश में रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की नयी संस्कृति स्थापित की है। अनुच्छेद 370 की समाप्ति और आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक एवं ऑपरेशन सिंदूर जैसे साहसिक निर्णयों से देश एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है। जी-20 और ब्रिक्स सम्मेलनों के सफल आयोजनों के साथ ही आज वैश्विक मंचों पर भारत की साख और कूटनीतिक ताकत अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने भारत की आर्थिक विकास दर को बढ़ाकर सात प्रतिशत रहने का अनुमान व्यक्त किया है वहीं आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के विजन से देश में विनिर्माण और तकनीकी क्षमताओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया और जीएसटी ने आर्थिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं को नई दिशा तथा जनधन खाते, आधार और मोबाइल की त्रिशक्ति ने वित्तीय समावेशन एवं प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण को मजबूती दी है।

उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत देश के 10 करोड़ से अधिक किसानों को अब तक चार लाख करोड़ से अधिक की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी गई है। 60 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को आयुष्मान भारत जैसी योजना से निशुल्क उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 36 देशों ने प्रधानमंत्री को सर्वोच्च नागरिक अथवा राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया है तथा 21 बार अन्य देशों की संसद को प्रधानमंत्री संबोधित कर चुके हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास के साथ विरासत को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में वर्ष 2014 में भारत के प्रस्ताव पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता मिली। काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास हुआ और अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई।

उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास को अपना मूलमंत्र बनाकर प्रधानमंत्री ने वंचित वर्ग के उत्थान को अपनी सर्वाेच्च प्राथमिकता बनाया। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और किसान सम्मान निधि जैसी पहलों से जरूरतमंद परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई गयी है। पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से करोड़ों परिवारों के जीवन में बदलाव आया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित