जयपुर , मई 14 -- राजस्थान में महिला सुरक्षा के लिए पूरे प्रदेश में चलाये जा रहे पुलिस के डिकॉय ऑपरेशन के तहत अब तक 140 मनचलों को गिरफ्तार किया गया है और दर्जनों युवकों एवं नाबालिगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया ।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं महिला पुलिसकर्मियों द्वारा स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, पार्क, बस स्टैंड, मॉल, बाजार, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखकर महिलाओं और छात्राओं से छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणी, पीछा करने और गलत हरकत करने वाले मनचलों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई है।
प्रदेश में जारी अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों ने कई स्थानों पर सामान्य नागरिक बनकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और मौके पर ही मनचलों को पकड़वाया। इस अभियान के चलते प्रदेश भर में असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित