जयपुर , जून 21 -- राजस्थान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस के विशेष यातायात अभियान के तहत अब तक 17 दिनों में एक लाख 37 हजार 116 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

पुलिस महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल ने बताया कि गत चार जून से 20 जून तक पूरे प्रदेश में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं बल्कि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना और दुर्घटनाओं की आशंका कम करना रहा। इस दौरान सबसे ज्यादा ध्यान उन वाहन चालकों पर रहा, जिन्होंने अपने वाहनों के शीशों पर अवैध ब्लैक फिल्म लगाई हुई थी।

श्री पालीवाल ने बताया कि अभियान के दौरान 51 हजार 457 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाकर कार्रवाई की गई वहीं 35 हजार 206 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 19 हजार 62 वाहनों पर अनधिकृत शब्द एवं चिह्न, 13 हजार 597 वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन, 10 हजार 318 वाहनों पर लाल-नीली बत्ती एवं फ्लैशर और 7476 वाहनों पर प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल को लेकर कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान शनिवार को एक ही दिन में 5955 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित