बारां , दिसम्बर 09 -- राजस्थान की कृषि मंडियों में शुमार बारां धानमंडी के व्यापार संघ ' क ' वर्ग के अध्यक्ष पद के लिए 12 दिसम्बर को होने वाले चुनाव को लेकर मंगलवार को तीन प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
मुख्य चुनाव अधिकारी सत्यप्रकाश जालान एवं राधेश्याम गर्ग ने बताया कि व्यापार संघ 'क' वर्ग के अध्यक्ष पद के लिये वर्ष 2026- 2028 द्विवार्षिक चुनाव के लिए आज तीन प्रत्याक्षियों के नामांकन प्राप्त हुए। उनमें वर्तमान अध्यक्ष मनीष लश्करी फर्म श्यामसुंदर एंड कंपनी, रमेशचंद तिवारी फर्म तिवारी ट्रेडिंग कंपनी और शिवशंकर शर्मा फर्म शिवशंकर धनराज के नामांकन फार्म की जांच की गई, तीनों फार्म सही पाएं गए।
उन्होंने बताया कि 10 दिसम्बर को पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे से दो बजे तक नाम वापस लेने का समय है। अगर एक ही प्रत्याक्षी मैदान में रहा तो तुरंत परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। एक से अधिक प्रत्याक्षी मैदान में रहने पर 11 गुरुवार को प्रचार प्रसार एवं 12 दिसम्बर को किसान भवन धान मंडी में चुनाव करवाए जायेंगे। जिसमें कुल 230 मतदाता मतदान करेंगे। अंतिम मतदाता सूची प्रत्याशियों को निःशुल्क प्रदान कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित