जयपुर , अक्टूबर 26 -- राजस्थान में पिछले चार वर्षों में करीब पांच हजार बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराया गया है। बालश्रम उन्मूलन के संबंध में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास द्वारा सोमवार को शासन सचिवालय में ली गई बैठक में यह जानकारी दी गई। इनमें जयपुर जिले में सर्वाधिक 1560 बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराया गया। इसके अलावा उदयपुर में 600 तथा कोटा में 315 बच्चें शामिल हैं। इसी तरह अन्य जिलों से भी बच्चों को बालश्रम से मुक्त कराया गया और इस अवधि में बालश्रम की रोकथाम के लिए कुल 8474 निरीक्षण किए गए तथा 1787 मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन जिलों में बालश्रम के मामले सामने आ रहे हैं, वहां सतत निगरानी रखी जाए तथा नियमित फील्ड विजिट और निरीक्षण के माध्यम से बालश्रम रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

श्री श्रीनिवास ने निर्देश दिए कि बालश्रम से मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास तक की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी की जाए ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण एवं बेहतर भविष्य उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने बालश्रम से प्रभावित बच्चों की जानकारी जुटाने के लिए सर्वे कराने की आवश्यक कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित