बारां , अक्टूबर 29 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ का गुरुवार को बारां जिले में एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे।

दौरे के दौरान श्री राठौड़ ने अंता और किशनगंज में आयोजित कार्यकर्ता संवाद बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करके आगामी पंचायत राज एवं जिला परिषद चुनावों की तैयारियों की समीक्षा की। वह आज ही राठौर अटरू तथा बारां में भी संवाद बैठकें करेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी रणनीति, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय को लेकर चर्चा की गई। श्री राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने और चुनावी मैदान में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ पंचायत राज चुनाव में जुटने का संदेश देते हुए जीत के लिए आवश्यक रणनीति पर मार्गदर्शन देते कहा कि चुनाव में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और बूथ स्तर पर सक्रियता ये चीजें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। श्री राठौड़ नेे कार्यकर्ताओं से जिले में जिला प्रमुख सहित विभिन्न पंचायत समितियों में प्रधान पदों पर भाजपा प्रत्याशियों को विजयश्री दिलाने के लिए समन्वित प्रयास करने की आग्रह किया है।

बैठकों में स्थानीय स्तर पर संगठन की स्थिति, चुनावी तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया। इन बैठकों में संभाग प्रभारी महेंद्र कुमावत, पुखराज पहाड़िया, जिला प्रभारी मोहनराज उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष नंदलाल सुमन, पूर्व विधायक हेमराज मीणा, मजीद मलिक कमांडो, प्रधान मोरपाल सुमन, पूर्व जिला प्रमुख सारिका सिंह चौहान, जिला महामंत्री राकेश जैन, महावीर सिंह हाड़ा सहित जिलेभर के भाजपा नेता, वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित