जयपुर , मार्च 18 -- राजस्थान उच्च न्यायालय में प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों में देरी को लेकर राज्य सरकार और राज्य चुनाव आयोग के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की गई है।
पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने यह याचिका न्यायालय में पेश की, जिसमें आरोप लगाया गया है कि सरकार और आयोग जानबूझकर अदालत के आदेश की पालना नहीं कर रहे हैं।
याचिका में कहा गया है कि उच्च न्यायालय ने गत 14 नवंबर को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि प्रदेश में पंचायत और नगर निकाय चुनाव 15 अप्रैल 2026 तक पूरे कराए जाये। इसके बावजूद अब तक चुनाव कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है, जिससे अदालत के आदेश की अवहेलना का मामला बनता है।
याचिका दायर करने से पहले सरकार और आयोग को कानूनी नोटिस भी दिया गया था लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित