जयपुर , सितम्बर 08 -- राजस्थान में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत प्रथम चरण में बुधवार को 162 नगर निकायों में होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को मतदान दलों की रवानगी की गयी।

प्रथम चरण में 162 नगर निकायों में चार नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाओंमें सुबह सात बजे से सायं छह बजे मतदान होगा, जिसके लिए नियुक्त मतदान दलों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उनके संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। रवानगी स्थल पर मतदान दलों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने, प्रशिक्षण तथा वाहनों की व्यवस्था की गयी।

जयपुर जिले की नगर परिषद् एवं नगरपालिकाओं के लिए नियुक्त मतदान दलों को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी सीकर रोड, जयपुर से उनके संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) संदेश नायक ने सभी मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान कराना हम सब कि नैतिक जिम्मेदारी है।

श्री नायक ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकायों के चुनावों का जो दायित्व हमें प्रदान किया है उसे हमें निर्भीक एवं निष्पक्षता के साथ सुचारू रूप से संपन्न कराना है। उन्होंने कहा कि सभी पीठासीन अधिकारी अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर तत्काल मतदान के लिए प्रस्तावित भवन का सुक्ष्मता से निरीक्षण कर मॉडल मतदान केंद्र के ले-आउट के अनुसार मतदान केंद्र की स्थापना करें।

उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि बैलेट युनिट एक मेज पर वोटिंग कंपार्टमेंट में रखें, वोटिंग कंपार्टमेंट व कंट्रोल रूम में पर्याप्त दूरी हो, कंट्रोल युनिट से बैलेट युनिट को जोड़ने वाली केबल मतदान के सुचारू संचालन में बाधा न बने, यह सुनिश्चित् किया जाए कि कोई मतदाता मतदान कक्ष में केबल के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयत्न ना करे, वोटिंग मशीन मतदान केंद्र की खिड़की या दरवाजे के समीप न हो, मतदाताओं के लिए मतदान कक्ष में प्रवेश एवं निकास की पृथक व्यवस्था सुनिश्चित् की जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित