जयपुर , सितंबर 09 -- राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में पहले चरण में बुधवार को 162 निकायों में सदस्य पदों के लिए मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया, जिसमें 76 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

राज्य के निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान करने के आखिरी समय छह बजे तक 72.09 प्रतिशत मतदान हुआ और शाम छह बजे तक मतदान केन्द्र पहुंच गये मतदाताओं का मतदान छह बजे बाद तक भी जारी रहा। इस कारण मतदान प्रतिशत बढ्कर 76.04 प्रतिशत पहुंच गया , हालांकि मतदान के अंतिम आंकड़े देर रात तक जारी होने की संभावना है।

इस दौरान इन निकायों के कुल 57 लाख 52 हजार 278 मतदाताओं में 43 लाख 73 हजार 757 मतदाताओं ने अपने वोट डाले। पहले चरण में 5393 वार्डों में सात हजार 683 मतदान बूथों पर मतदान हुआ। पहले चरण में 162 निकायों में चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिका शामिल है।

पहले चरण की 162 निकायों में 73 नव गठित नगरीय निकाय हैं जिनके लिए पहली बार चुनाव हुआ है तथा शेष 89 नगरीय निकायों में गत आम चुनावों में 74.76 प्रतिशत मतदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित