जयपुर , सितंबर 09 -- राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में पहले चरण में 162 निकायों में मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार सुबह सात बजे शुरु हो गया।
मतदान शुरु होते ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं का आना शुरु हो गया और कई मतदान केन्द्रों में कतारे लगनी शुरु हो गई।
पहले चरण में 162 नगर निकायों में चार नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाओं में सायं छह बजे तक मतदान होगा। पहले चरण में बीकानेर, भरतपुर अलवर और भीलवाड़ा नगर निगम के लिए मतदान हो रहा है तथा नागौर, चुरु, कोटपूतली, सुजानगढ़, धौलपुर, सवाईमाधोपुर, शाहपुरा, चौमूं, जालोर, बारां, बूंदी, झालावाड़, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, डीडवाना, कुचामन सिटी, करौली, भिवाड़ी, खैरथल, तिजारा, जैसलमेर, बाड़मेर और ब्यावर नगर परिषद सहित 134 नगर पालिकाओं में यह चुनाव हो रहा हैं।
पहले चरण में मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है और कहीं से कोई अप्रिय घटना के समाचार नहीं हैं। मतदान के प्रति युवाओं सहित सभी मतदाताओं में काफी जोश नजर आ रहा है और सुबह से ही मतदान केन्द्रों पर लंबी लंबी कतारें लगने लगी है।
पहले चरण में 5393 वार्डों में मतदान हो रहा है। हालांकि 32 वार्डों में एक-एक प्रत्याशी ही होने के कारण वहां निर्विरोध चुनाव हो गया। पहले चरण में करीब 20 हजार 623 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं जहां साढ़े सात हजार से अधिक मतदान बूथों पर करीब 57 लाख 52 हजार 278 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित