भीलवाड़ा , सितंबर 05 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए है और प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी।
श्री शर्मा ने शनिवार को नगरीय निकाय चुनावों में भीलवाडा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो किया और इस दौरान यह बात कही। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता विकास की रफ्तार को और अधिक मजबूत करने के लिए नगर निकाय चुनाव में तीसरे इंजन को जोड़ने का काम करेगी तथा भीलवाड़ा सहित प्रदेश के सभी निकायों में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार वन स्टेट-वन इलेक्शन के संकल्प को साकार कर रही है।
रोड शो दूधाधारी गोपााल मंदिर से महाराणा टॉकीज तक आयोजित किया गया जिसमें जगह-जगह बड़ी संख्या में आमजन एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साह और उमंग से मुख्यमंत्री का पुष्प वर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। रोड शो में सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
रोड शो से पहले मुख्यमंत्री ने राधा-कृष्ण मंदिर एवं चारभुजा मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित