श्रीगंगानगर , जुलाई 10 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के चूनावढ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 62 पर शुक्रवार को ट्रक की चपेट में आने से कार में सवार तीन युवकों की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान ओम प्रकाश उर्फ मोनू वर्मा, कुलदीप सिंह और प्रदीप लूना के रूप मे हुई है। तीनों युवक अपने गांव से कार में श्रीगंगानगर खरीदारी करने आ रहे थे। श्रीगंगानगर-सूरतगढ़ मार्ग पर नेतेवाला गांव में गणेश मंदिर के पास अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने एक वाहन से आगे निकलने के प्रयास में कार को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि आमने सामने की टक्कर तीनों की मौके पर ही मौत हाे गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे तीनों युवकों को निकलवाया। तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित