जयपुर , अगस्त 27 -- राजस्थान में इस वर्ष जनवरी से अब तक 146 स्वाइन फ्लू के मामले सामने आये हैं।

राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि देश के कुछ राज्यों, विशेषकर दिल्ली में एच 1एन 1 स्वाइन फ्लू के मामलों में वृद्धि को देखते हुए विभाग प्रदेश की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।

श्री खींवसर ने बताया कि गत जनवरी से अब तक राज्य में स्वाइन फ्लू (इन्फ्लुएंजा ए एच 1 एन 1) के कुल 146 पॉजिटिव मामले सामने आये हैं और विभाग ने सभी संबंधित चिकित्सा संस्थानों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि गत जनवरी में 2, फरवरी में 3, मार्च में 20, अप्रैल में 22, मई में 25, जून में 14, जुलाई में 5 तथा अगस्त में 55 स्वाइन फ्लू के मामले सामने आये। अगस्त में स्वाइन फ्लू के सर्वाधिक मामले दर्ज किये गये हैं। उन्होंने बताया कि एच 1एन 1 वायरस के किसी नये या अधिक घातक स्ट्रेन के प्रसार की पुष्टि नहीं हुई है। आईसीएमआर के अनुसार वर्तमान में प्रचलित एच 1एन 1 वायरस पहले से ही सक्रिय है। इसलिए आमजन को घबराने की आवश्यकता नहीं है लेकिन संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतना और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

विभाग ने आमजन से अपील की है कि फ्लू जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें, समय पर चिकित्सकीय सलाह लें और व्यक्तिगत एवं श्वसन स्वच्छता के उपाय अपनाकर संक्रमण की रोकथाम में सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित