जयपुर , अप्रैल 23 -- राजस्थान में पीएम-कुसुम योजना के तहत स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों की कुल क्षमता चार हजार मेगावाट के स्तर पर पहुंच गई है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गत ढ़ाई वर्षों में राजस्थान ने इस योजना में शानदार सफलता अर्जित की है। पूर्ववर्ती सरकार के समय जहां मात्र 122 मेगावाट क्षमता के सिर्फ 92 प्लांट लगे थे वहीं अब प्रदेश के गांव-ढ़ाणी में चार हजार मेगावाट क्षमता के 1808 संयंत्र स्थापित हो चुके हैं।

कुसुम कम्पोनेंट-ए में राजस्थान सर्वोच्च पायदान पर है वहीं कम्पोनेंट-सी में गुजरात और महाराष्ट्र के बाद तीसरे स्थान पर है। कुसुम के तहत स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों से राज्य में 2.62 लाख किसानों को कृषि के लिए दिन में बिजली मिल रही है।

खेत के समीप अनुपजाऊ भूमि पर लग रहे अधिकतम पांच मेगावाट तक के यह सौर ऊर्जा संयंत्र राज्य के कृषि क्षेत्र की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इनसे राज्य के विद्युत वितरण निगमों को सस्ती बिजली मिल रही है और सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ रहा है।

केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने राजस्थान को कुसुम कम्पोनेंट-ए तथा कुसुम कम्पानेंट-सी में कुल 10.7 गीगावाट की परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। जिनमें से शत-प्रतिशत परियोजनाओं के बिजली खरीद अनुबंध किए जा चुके हैं। इन परियोजनाओं को वित्त वर्ष 2026-27 में पूरा किया जाना है। इसके मद्देनजर आने वाले समय में राजस्थान में लगभग 500 मेगावाट से एक गीगावाट तक की परियोजनाएं प्रत्येक महीने स्थापित होने का अनुमान है। राजस्थान डिस्कॉम्स ने शेष 6700 मेगावाट क्षमता आगामी अक्टूबर तक सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

प्रदेश में कुसुम योजना के क्रियान्वयन को लगातार गति मिल रही है। कम्पोनेंट-ए में प्रदेश का पहला प्लांट अप्रैल 2021 को तथा कम्पोनेंट-सी का पहला सौर ऊर्जा संयंत्र नवम्बर 2023 में स्थापित हुआ था। इसके बाद मई 2025 को पहले एक हजार मेगावाट क्षमता के स्तर तक पहुंचने में 48 महीने लग गए। इसके बाद दो हजार मेगावाट क्षमता हासिल करने में मात्र पांच महीने लगे वहीं तीन हजार मेगावाट का आंकड़ा छूने में चार महीने और चार हजार मेगावाट क्षमता हासिल करने में मात्र ढ़ाई महीने का ही समय लगा। गत मार्च महीने में 543 मेगावाट के संयंत्र स्थापित हुए जो इस योजना के शुरू होने के बाद किसी एक महीने में अब तक की हासिल की गई सर्वाधिक क्षमता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित