जयपुर , अक्टूबर 11 -- राजस्थान में कोटपूतली, सपोटरा, टोडाभीम, गंगापुरसिटी एवं लालसोट विधानसभा क्षेत्रों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई पदाधिकारी एवं सैंकड़ों कार्यकर्ता रविवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।

राजस्थान कांग्रेस के महासचिव एवं मीडिया चेयरपर्सन स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस मुख्यायल जयपुर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने दुपट्टा पहनाकर इन्हें कांग्रेस पार्टी में शामिल किया। उन्होंने बताया कि चार सौ से अधिक लोग कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए।

इस अवसर पर श्री डोटासरा ने कांग्रेस का दामन थामने वाले इन लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे। इस अवसर पर सांसद मुरारीलाल मीणा, कोटपूतली-बहरोड़ के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक इन्द्राज गुर्जर भी मौजूद थे।

श्री डोटासरा ने मीडिया को बताया किआज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सांसद मुरारी लाल मीणा और कोटपूतली-बहरोड जिलाध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारियों के प्रयास से एआईसीसी प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की सहमति से प्रदेश कांग्रेस में मुख्यालय पर बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़े हुए नेता और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस में शामिल कर कांग्रेस परिवार बढ़ाने का कार्य हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित