भरतपुर , सितम्बर 17 -- राजस्थान में करौली के राजकीय संप्रेक्षण किशोर गृह से बुधवार देर रात एक बाल अपचारी के फरार हो जाने के बाद हड़कंप मच गया।

किशोर गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों में उसके भागने की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। घटना के बाद संप्रेक्षण किशोर गृह में तैनात सुरक्षा गार्डों को हटाने के लिए संबंधित एजेंसी को कहा गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि करीब 16 वर्षीय अपचारी बुधवार को अर्धरात्रि के बाद करीब दो बजे अपने कमरे से निकल कर छत के रास्ते भागा। गुरुवार सुबह जानकारी मिलने पर संप्रेक्षण किशोर गृह प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने फरार अपचारी की तलाश शुरू कर दी है। वह करीब छह महीने पुराने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम से जुड़े एक मामले में संप्रेक्षण गृह में था।

विभागीय सूत्रों ने बताया कि पूरे मामले की जांच करायी जा रही है। जांच में किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित