जयपुर , मई 29 -- राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की बदहाल कानून-व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर राज्य की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह ध्वस्त करने का आरोप लगाया है।

श्री जूली ने शुक्रवार को कहा कि आज राजस्थान की पावन धरा पर कानून का शासन पूरी तरह समाप्त हो चुका है और उसकी जगह खौफनाक अराजकता ने ले ली है। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सूबे की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और भाजपा सरकार की प्रशासनिक नाकामी एवं लाचारी की कीमत अब प्रदेश के निर्दोष लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है, जिसके कारण आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने बांदीकुई में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां जो कुछ भी हुआ, उसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। दिनेश मीणा को महज चोर समझकर उग्र भीड़ ने डेढ़ घंटे तक बंधक बनाए रखा और बेरहमी से पीटती रही। इस दौरान एक बेबस मां अपने बेटे की जान की भीख मांगती रही, लोगों के सामने गिड़गिड़ाती रही और इंसाफ की गुहार लगाती रही लेकिन न तो उस जालिम भीड़ का दिल पसीजा और न ही सूबे का सोया हुआ प्रशासनिक तंत्र जागा।

श्री जूली ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर मौके पर पहुंच जाती तो दिनेश मीणा की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि बांदीकुई की यह रूह कंपा देने वाली घटना आज के राजस्थान की भयावह सच्चाई का जीता-जागता आईना है जाे साबित करती है कि प्रदेश में अब सरकार का राज पूरी तरह खत्म हो चुका है और गुंडा तत्वों का बोलबाला हो गया है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी की सुध लेने वाला कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार को अब अपनी आंखें खोलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सत्ता के गलियारों से बाहर निकलकर जनता का दर्द देखना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित