भरतपुर , अगस्त 12 -- राजस्थान में पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में फरार सवाई माधोपुर जिले के हिंगोनी गांव के निवासी राजमोहन मीणा को विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने बुधवार को जयपुर में करतारपुरा फाटक के पास किराए के कमरे से गिरफ्तार कर लिया।

एसओजी सूत्रों ने बताया कि आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रशिक्षण केंद्र और अपने पैतृक घर से फरार होकर किराए के कमरे में रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एसओजी जयपुर की ओर से 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

सूत्रों ने बताया कि पेपर लीक मामले में जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में डमी अभ्यर्थी बैठाकर अभ्यर्थियों को सफल कराने वाले गिरोह के सरगना हनुमान प्रसाद मीणा से 10 लाख रुपए में सौदा किया था। राजमोहन ने अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी बैठाकर लिखित परीक्षा दिलवायी। इसके बाद वह अवैध तरीके से मेरिट क्रमांक 1623 पर प्लाटून कमांडर के पद पर अंतिम रूप से चयनित हो गया। आरोपी प्रशिक्षण के लिए आरपीटीसी जोधपुर पहुंचा था, लेकिन 22 मार्च 2025 को प्रारंभिक प्रशिक्षण के दौरान वह फरार हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित