जयपुर , मार्च 21 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर में ईद का त्योहार परम्परागत, उत्साह एवं सादगी के साथ मनाया गया वहीं नमाज के बाद ईरान पर हमले के विरोध में प्रदर्शन भी किया गया।
ईद-उल-फितर पर जयपुर में ईदगाह, जामा मस्जिद और अन्य मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ देखने को मिली. ईदगाह में एक साथ करीब एक लाख लोगों ने नमाज अदा की। इसी तरह प्रदेश के अन्य शहरों में भी ईद का त्योहार सादगी और उत्साह के साथ मनाया गया।
ईरान-इजरायल युद्ध में ईरान पर हमले के विरोध में जयपुर के आमेर में मुस्लिम समाज के लोगों ने रैली निकालकर अमेरिका-इजराइल मुर्दाबाद के नारे लगाए और विरोध प्रदर्शन किया। काली पट्टी बांधकर ईद की नमाज अदा की गई। मस्जिदों पर काले झंडे लगाए गए। जयपुर के सुभाष चौक पर इजराइल और अमेरिका के खिलाफ मुर्दाबाद लिखी तख्तियां लेकर विरोध जताया गया।
अजमेर में भी ईद का त्योहार उत्साह के साथ मनाया गया और विश्व प्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह में जन्नती दरवाजा आधे दिन के लिए खोला गया।
इस अवसर पर जयपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पार्टी पदाधिकारियों के साथ ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई दी और प्रदेश में शांति, सौहार्द्र तथा विकास की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित