जयपुर , अगस्त 25 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'देखो अपना देश' विजन में घरेलू पर्यटन को दिये जा रहे महत्व और राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी के राजस्थान को देश-दुनिया के प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने के विजन के बीच प्रदेश में वर्ष की पहली छमाही में लगभग 11 करोड़ पर्यटक यात्राएं दर्ज की गयी।
पर्यटन विभाग में संयुक्त निदेशक मार्केटिंग अजय शर्मा के अनुसार इस वर्ष पहली छमाही जनवरी से जून में राजस्थान में 10 करोड़ 92 लाख चार हजार 101 पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं। इनमें 10 करोड़ 83 लाख 59 हजार 405 घरेलू पर्यटक यात्राएं और आठ लाख 44 हजार 696 विदेशी पर्यटक यात्राएं शामिल हैं।
इस दौरान घरेलू पर्यटक यात्राओं के मामले में सीकर एक करोड़ 56 लाख 18 हजार 987 यात्राओं के साथ राज्य में पहले स्थान पर रहा। इसके बाद चित्तौड़गढ़ में एक करोड़ 33 लाख 75 हजार 121 और जैसलमेर में एक करोड़ 18 हजार 34 हजार 38 घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं। अजमेर में 99 लाख 28 हजार 270, जयपुर में 81 लाख 49 हजार 183, करौली में 64 लाख 913, सवाईमाधोपुर में 61 लाख 88 हजार 159, सिरोही में 61 लाख 13 हजार562, उदयपुर में 47लाख 61 हजार 432 और चूरू में 34 लाख 08 हजार 523 घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं।
श्री शर्मा ने बताया कि विदेशी पर्यटक यात्राओं में जनवरी-जून के दौरान जयपुर दो लाख 56 हजार 293 यात्राओं के साथ पहले स्थान पर रहा। उदयपुर में एक लाख 84 हजार 45, जोधपुर में 82 हजार 846 और जैसलमेर में 66 हजार 433 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं। इसके बाद सवाईमाधोपुर में 38 हजार 542, अजमेर में 36 हजार 406, दौसा में 36 हजार116, पाली में 28 हजार 982, झुंझुनूं में 23 हजार 567 और बीकानेर में 22 हजार 215 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं।
उन्होंने बताया कि विदेशी पर्यटकों की पसंद में राजस्थान की स्थापित विरासत और सांस्कृतिक पहचान दिखाई देती है। जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, उदयपुर के महल और झीलें, जोधपुर की मारवाड़ विरासत तथा जैसलमेर का मरु पर्यटन अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के प्रमुख आकर्षण हैं, वहीं सवाईमाधोपुर की मौजूदगी राजस्थान के वन्यजीव पर्यटन की अंतरराष्ट्रीय पहचान को भी रेखांकित करती है।
विदेशी पर्यटक यात्राओं में दौसा और झुंझुनूं का शीर्ष दस में शामिल होना भी महत्वपूर्ण है और दौसा जिले में आभानेरी की चांद बावड़ी और हर्षत माता मंदिर प्रमुख पर्यटन आकर्षण हैं। चांद बावड़ी अपनी स्थापत्य विरासत के लिए देश-विदेश में पहचान रखती है वहीं झुंझुनूं शेखावाटी की हवेलियों, भित्तिचित्रों और समृद्ध स्थापत्य परंपरा के कारण अलग पहचान रखता है।
कोटा-हाड़ौती घरेलू पर्यटन के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल है। कोटा, बूंदी, बारां और झालावाड़ को मिलाकर पहली छमाही में क्षेत्र में 24 लाख से अधिक पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं। हाड़ौती में फरवरी सबसे खास महीना रहा। फरवरी में पांच लाख से अधिक और इससे पहले जनवरी में चार लाख से अधिक और फिर मार्च में भी चार लाखसे अधिक पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं। मारवाड़ राजस्थान के प्रमुख पर्यटन अंचलों में है, जहां घरेलू और विदेशी दोनों पर्यटक यात्राओं की महत्वपूर्ण मौजूदगी दर्ज हुई। जोधपुर में जनवरी-जून के दौरान 82 हजार 846 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं, जबकि पाली में 28 हजार 982 विदेशी पर्यटक यात्राएं दर्ज हुईं।
घरेलू पर्यटन में जोधपुर के साथ पाली, बाड़मेर, जालोर, नागौर और बालोतरा की भी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी रही। जनवरी से जून के बीच मारवाड़ में जनवरी सबसे अधिक पर्यटक यात्राओं वाला महीना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित