जयपुर , नवंबर 04 -- राजस्थान में 'मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना' के तहत अब तक 44 लाख से अधिक पशुओं का सफल पंजीकरण किया जा चुका है।
पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने बुधवार को शासन सचिवालय में आयोजित पशुपालन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत दो नवंबर तक कुल 44 लाख 08 हजार 174 पशुओं का पंजीकरण किया गया है। इनमें से 30 लाख 29 हजार 639 पशुओं का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और 27 लाख 56 हजार 103 पशुओं की बीमा पॉलिसी जारी की जा चुकी है।
मोबाइल वेटनरी योजना श्री कुमावत ने कहा कि राज्य में अब तक 19 लाख 49 हजार पशुपालकों के 68 लाख 33 हजार से अधिक पशुधनों का निःशुल्क उपचार किया गया है। इसमें से 16 लाख 80 हजार पशुधन को '1962' टोल-फ्री नंबर पर प्राप्त कॉल के आधार पर उनके घर पर ही मोबाइल वेटनरी यूनिट के माध्यम से आपातकालीन चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई गई। लाभार्थियों से मिले फीडबैक में 98 प्रतिशत लोगों ने सेवाओं को संतोषजनक व बेहतरीन बताया है।
समीक्षा बैठक के दौरान श्री कुमावत ने अधिकारियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, लंबित बीमा दावों का त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले संयुक्त निदेशकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के सख्त निर्देश दिए।
कृत्रिम गर्भाधान योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश को दुग्ध उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए नस्ल सुधार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बीते दो वर्षों में 10 लाख 57 हजार पशुओं का कृत्रिम गर्भाधान किया जा चुका है और आगामी वर्ष के लिए नौ लाख अतिरिक्त डोजेज खरीदने की स्वीकृति दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित