जयपुर , सितम्बर 02 -- राजस्थान में गत अगस्त महीने में बाजार में उपलब्ध दवाओं के 478नमूने लेकर उनकी जांच की गयी, जिसमें 17 नमूने अमानक पाये गये हैं।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि राज्य में आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित औषधियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औषधि नियंत्रण टीम द्वारा दवाओंकी गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जा रही है और इसी के तहत यह जांच की गयी।

श्रीमती राठौड़ ने बताया कि जांच में बी-कॉम्प्लेक्स टेबलेट्स, कैल्शियम एवं विटामिन डी-3 टेबलेट्स, टेल्मिसार्टन एवं एम्लोडिपिन टेबलेट्स, बिलास्टाइन टेबलेट्स, अमॉक्सीसिलिन एवं पोटैशियम क्लावुलेनेट टेबलेट्स, ऑफ्लॉक्सासिन एवं ऑर्निडाजोल टेबलेट्स, ओंडानसेट्रॉन इंजेक्शन, डेक्सामेथासोन इंजेक्शन तथा बुपीवाकेन हाइड्रोक्लोराइड इन डेक्सट्रोज इंजेक्शन (बुपिकैन-हैवी) सहित 17 नमूने अमानक पाये गये।

उन्होंने बताया कि एनएसक्यू पाये गये नमूनों में बुपिकैन-हैवी इंजेक्शन के बैच नंबर बीकेबीपी 02601 के सात नमूने शामिल हैं। इन नमूनों के संबंध में अन्य राज्यों में मरीजों में एडवर्स ड्रग रिएक्शन की सूचना प्राप्त होने पर विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की गयी। बाजार में उपलब्ध उक्त दवा के स्टॉक पर रोक लगाते हुए स्टॉक वापस मंगाने (रिकॉल) की कार्रवाई शुरू की गयी।

उन्होंने बताया कि बुपिकैन-हैवी इंजेक्शन के सात नमूने जयपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, झालावाड़ एवं कोटा से लिए गए थे। राजकीय विश्लेषक, औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, जयपुर द्वारा की गई जांच में सभी सात नमूने बैक्टीरियल एंडोटॉक्सिन की पुष्टि होने के कारण अमानक घोषित किये गये। उन्होंने बताया कि अमानक घोषित किये गये नमूनों के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। औषधि नियंत्रण अधिकारी, जयपुर , गंगानगर,हनुमानगढ़ द्वारा बुपिकैन-हैवी के 12 हजार 228 इंजेक्शन जब्त किये गये हैं। जब्त स्टॉक की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है। आयुक्त औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी ने बताया कि इसके अतिरिक्त जैक्सन लेबोरेटरीज प्राइवेट लिमिटेड, अमृतसर द्वारा निर्मित बी-कॉम्प्लेक्स की 6,280 स्ट्रिप्स भी जब्त की गयी हैं। इनकी अनुमानित कीमत 92 हजार 316 रुपये है। जांच में इस दवा में विटामिन बी1 तथा कैल्शियम डी -पैंटोथेनेट की मात्रा शून्य पायी गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित